रायपुर। राजधानी रायपुर में कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस कमिश्नरेट लगातार सक्रिय नजर आ रहा है। शहर में ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण, वाहन चोरी गिरोह के खिलाफ कार्रवाई, फरार वारंटियों की गिरफ्तारी, अवैध शराब बिक्री पर रोक और सामुदायिक पुलिसिंग अभियान जैसे कई बड़े कदम उठाए गए हैं।
डीजे और साउंड सिस्टम संचालकों को सख्त चेतावनी
डीसीपी सेंट्रल ज़ोन उमेश प्रसाद गुप्ता की अध्यक्षता में डीजे, साउंड सिस्टम, धुमाल पार्टी और टेंट व्यवसायियों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्पष्ट किया गया कि किसी भी सामाजिक, धार्मिक या सार्वजनिक आयोजन के लिए पुलिस से लिखित अनुमति लेना अनिवार्य होगा।
पुलिस ने बिना अनुमति डीजे संचालन, निर्धारित समय सीमा का उल्लंघन, तेज ध्वनि और संवेदनशील क्षेत्रों में शोर-शराबा करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है। अस्पताल, स्कूल, न्यायालय और परीक्षा केंद्रों के आसपास तेज आवाज में साउंड सिस्टम पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
फरार वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान
पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर के निर्देश पर खमतराई, उरला, गुढ़ियारी, पंडरी और खम्हारडीह क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और अपराध नियंत्रण को मजबूत करना रहा।
ई-रिक्शा चोरी गिरोह का पर्दाफाश
रायपुर पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में वाहन चोरी से जुड़े गिरोह का खुलासा कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
डी.डी. नगर मामला:
आरोपी टीकाराम यादव ई-रिक्शा चोरी कर बैटरियां निकालकर बेचता था। पुलिस ने आरोपी से एक ई-रिक्शा, 16 बैटरियां और दो दोपहिया वाहन जब्त किए।
आज़ाद चौक मामला:
रमजान खान और अकरम खान ई-रिक्शा से बैटरियां चोरी कर कफिल खान को बेचते थे। पुलिस ने चार चोरी की बैटरियां, एक ई-रिक्शा और 20 अन्य बैटरियां बरामद की हैं।
दोनों मामलों में कुल लगभग 8.55 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
अवैध शराब बिक्री पर कार्रवाई
टिकरापारा क्षेत्र:
पुलिस ने अजय सोनवानी को गिरफ्तार कर उसके पास से 100 पौवा देशी शराब जब्त की।
डी.डी. नगर क्षेत्र:
जोरापारा में बुडूराम मानिकपुरी को गिरफ्तार कर 42 पौवा देशी शराब बरामद की गई।
दोनों मामलों में आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
संवाद से समाधान” अभियान की शुरुआत
कम्युनिटी पुलिसिंग के तहत तेलीबांधा स्थित बीएसयूपी कॉलोनी में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें नागरिकों को नशा मुक्ति, साइबर अपराध से बचाव, मोटर व्हीकल नियम और किरायेदार सत्यापन के बारे में जागरूक किया गया। नागरिकों ने कॉलोनी सुरक्षा और सीसीटीवी कैमरों की मांग रखी, जिस पर पुलिस ने जल्द समाधान का आश्वासन दिया।
पुलिस की अपील
रायपुर पुलिस ने नागरिकों से कानून व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।