रायपुर। छत्तीसगढ़ में आज 4 नवंबर की प्रमुख खबरों में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का जशपुर दौरा, महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप के फाउंडर सौरभ चंद्राकर की कोर्ट में पेशी, कांग्रेस का विधायक अनुज शर्मा के खिलाफ प्रदर्शन और सिद्धबाबा रेलवे फाटक पर यातायात बंद रहने की खबर शामिल है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज जशपुर दौरे पर
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज जशपुर जिले के दौरे पर रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री दोपहर 12:35 बजे जशपुर पुलिस लाइन हेलीपेड पहुंचेंगे। इसके बाद 12:50 बजे लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ सभा और पदयात्रा में शामिल होंगे।
दोपहर 2:30 बजे पंडित रामचंद्र पौराणिक सामुदायिक भवन का लोकार्पण करेंगे। वहीं, दोपहर 3 बजे हेलमेट बैंक का शुभारंभ करेंगे। इसके बाद 3:30 बजे बनगांव में आयोजित आंचलिक करमा पूजा महोत्सव में शामिल होंगे। कार्यक्रमों के बाद मुख्यमंत्री अपने गृह ग्राम बगिया पहुंचेंगे, जहां रात्रि विश्राम करेंगे।
महादेव सट्टा ऐप के फाउंडर सौरभ चंद्राकर की आज कोर्ट में पेशी
महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में फाउंडर सौरभ चंद्राकर की आज रायपुर स्थित सीबीआई की विशेष अदालत में पेशी होगी। ओमान से भारत लाए जाने के बाद सौरभ चंद्राकर को दिल्ली से ट्रांजिट रिमांड पर रायपुर लाया गया है।
उनकी पेशी के साथ ही मामले में रायपुर में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू होगी। पेशी के बाद जांच एजेंसियां उनसे पूछताछ कर सकती हैं। माना जा रहा है कि पूछताछ में महादेव सट्टा नेटवर्क और उससे जुड़े अन्य पहलुओं को लेकर अहम जानकारियां सामने आ सकती हैं।
विधायक अनुज शर्मा के खिलाफ कांग्रेस करेगी पुतला दहन
धरसीवां के शासकीय श्यामाचरण कॉलेज में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम के दौरान विधायक अनुज शर्मा द्वारा कथित राजनीतिक बयानबाजी किए जाने के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी रायपुर ग्रामीण ने प्रदर्शन का ऐलान किया है।
कांग्रेस 4 नवंबर को शाम 4 बजे धरसीवां ब्लॉक के सभी छह मंडलों में विधायक का पुतला दहन करेगी। इसके साथ ही कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य के.के. शर्मा को निलंबित करने की मांग को लेकर तहसीलदार के माध्यम से कलेक्टर रायपुर और उच्च शिक्षा विभाग के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा।
जिला कांग्रेस कमेटी रायपुर ग्रामीण के अध्यक्ष बंजारे स्वयं जोरा मंडल के प्रदर्शन में शामिल होंगे।
सिद्धबाबा रेलवे फाटक पर तीन दिन बंद रहेगा सड़क यातायात
भाटापारा-हथबंद रेलखंड के सिद्धबाबा रेलवे समपार फाटक से आवागमन करने वाले लोगों के लिए जरूरी खबर है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर रेल मंडल ने अतिआवश्यक मरम्मत कार्य के चलते रेलवे फाटक क्रमांक 385 पर तीन दिनों तक सड़क यातायात बंद रखने का निर्णय लिया है।
रेलवे प्रशासन के अनुसार, यह फाटक 4 नवंबर सुबह 9 बजे से 6 नवंबर शाम 6 बजे तक पूरी तरह बंद रहेगा। इस दौरान सड़क मार्ग से वाहनों की आवाजाही नहीं हो सकेगी।
भाटापारा और हथबंद रेलवे स्टेशन के बीच स्थित इस फाटक की अप लाइन में मरम्मत कार्य किया जाएगा। वाहन चालकों को इस अवधि में अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाने की सलाह दी जाती है।