मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान से क्रिकेट खिलाड़ियों को मिला संबल, विधायक पुरन्दर मिश्रा ने वितरित किए चेक


रायपुर : विधायक पुरन्दर मिश्रा ने उत्तर विधानसभा क्षेत्र के क्रिकेट खिलाड़ियों को मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान योजना के तहत आर्थिक सहायता प्रदान करते हुए खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। शुक्रवार को रायपुर स्थित जगन्नाथ मंदिर परिसर कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में खिलाड़ियों को सहायता राशि के चेक वितरित किए गए।

इस अवसर पर विधायक पुरन्दर मिश्रा ने कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि अनुशासन, समर्पण और राष्ट्र निर्माण का माध्यम है। उन्होंने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि युवा अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर प्रदेश एवं देश का नाम रोशन करें।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान योजना के माध्यम से खिलाड़ियों को आर्थिक सहयोग प्रदान करना युवाओं के मनोबल को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। सरकार लगातार खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए कार्य कर रही है।

विधायक मिश्रा ने कहा कि उत्तर विधानसभा क्षेत्र में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि क्षेत्र के युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए उचित मंच मिल सके। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ आगे बढ़ते हुए नई उपलब्धियां हासिल करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में खिलाड़ी, खेल प्रेमी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

VIEW MORE

Category News