भिलाईनगर। महारत्न कम्पनी सेल की यूनिटों ने अक्टूबर माह में जबर्दस्त कैश कलेक्शन किया है। बीएसपी ने अपने श्रेष्ठ प्रदर्शन को बरकरार रखते हुए सर्वाधिक 3041 करोड़ रु. का कैश कलेक्शन किया है, जबकि कुल कैश कलेक्शन का आँकड़ा 10548 रु. है। इससे तीसरी तिमाही यानी अक्टूबर से दिसम्बर में 11 कम्पनी का प्राफिट अच्छा रहने की उम्मीद बन गई है।
याद रहे कि सेल ने चालू वित्त वर्ष में 10000 करोड़ का शुद्ध लाभ अर्जित करने का लक्ष्य रखा है। बहरहाल, बोकारो इस्पात संयंत्र ने 2500 करोड़ रु., राउरकेला इस्पात संयंत्र ने 2351 करोड़ रु., दुर्गापुर इस्पात संयंत्र ने 992 करोड़ रु., बनपुर इस्पात संयंत्र ने 1348 करोड़ रु., एलाय इस्पात संयंत्र ने 45 करोड़ रु., सेलम इस्पात संयंत्र ने 178 करोड़ रु., भद्रावति ने 44 करोड़ रु. कैश कलेक्शन किया है।
प्रशासनिक अधिकारियों पर आपत्तिजनक पोस्ट करने वाला सरपंच गिरफ्तार
दुर्ग। व्हाट्सएप स्टेटस पर प्रशासनिक राजस्व अधिकारियों के संबंध में आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट करने वाले आरोपी ग्राम समोदा के सरपंच अरुण गौतम को जेवरा सिरसा चौकी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। घटना में प्रयुक्त मोबाइल को पुलिस ने जब्त कर लिया है।
ग्राम समोदा निवासी प्रार्थी जितेंद्र देशमुख ने आरोपी द्वारा व्हाट्सएप स्टेटस पर प्रशासनिक राजस्व अधिकारियों के संबंध में आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट किए जाने की शिकायत की थी। आरोपी अरुण गौतम के विरुद्ध धारा 296 एवं धारा 67 आईटी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
पुलिस ने बताया कि प्रार्थी जितेंद्र देशमुख निवासी ग्राम समोदा चौकी जेवरा सिरसा ने ग्राम समोदा के सरपंच अरुण गौतम के विरुद्ध लिखित शिकायत का आवेदन कलेक्टर दुर्ग को दिया था। शिकायत में उल्लेख किया गया था कि आरोपी द्वारा अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर प्रशासनिक राजस्व अधिकारियों के संबंध में आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट की गई है।
पुलिस ने आरोपी अरुण गौतम निवासी ग्राम समोदा के विरुद्ध अपराध दर्ज कर जांच में लिया था। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उल्लेखनीय है कि आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई थी।
अवैध कब्जाधारियों के विरुद्ध बीएसपी की बड़ी जीत, हाईकोर्ट ने खारिज की सभी 10 याचिकाएँ
भिलाईनगर। उच्च न्यायालय द्वारा जस्टिस अमितेंद्र किशोर प्रसाद के न्यायालय में भिलाई इस्पात संयंत्र (सेल) के विरुद्ध दायर सभी दस रिट याचिकाएँ खारिज कर दी गई हैं। इस निर्णय को भिलाई इस्पात संयंत्र के लिए अवैध कब्जाधारियों के विरुद्ध बड़ी जीत के रूप में देखा जा रहा है क्योंकि इससे 69 करोड़ रुपये की वसूली और भूमि कब्जे का रास्ता साफ हो गया है।
डीपी बंसल कामर्शियल प्रा. लि., लक्ष्मी चंद्र अग्रवाल, दुर्गा धरम कांटा बनाम बीएसपी व अन्य, आई.ए. दास बनाम के. के. यादव, जीएम इनपोससमेंट बीएसपी, बंसल ब्रदर्स, मो.. अशरफ / मशकूर, मशकूर अहमद मदनलाल आई.ए. धस एस्टाब्लिशमेंट (स्वामी वेद प्रकाश चोपड़ा) , महालक्ष्मी ट्रेडर्स बनाम सेल बीएसपी व अन्य मामले में वसूली हेतु देय राशि – कुल लगभग 69 करोड़ रुपये थी।
इन पार्टियों से वसूली जाने वाली कुल राशि 37 करोड़ रुपये राजस्व (जी.एस.टी. रहित ) है। इसके अतिरिक्त वर्ष 2022 में नगर तथा राज्य सरकार की दर से भूमि की लागत 32 करोड़ रुपये आँकी गई है। दोनों मिलाकर कुल देय राशि लगभग 69 करोड़ रुपये बनती है। अब भिलाई इस्पात संयंत्र द्वारा इन पार्टियों से 37 करोड़ रुपये की राजस्व वसूली करने तथा लगभग 32 करोड़ रुपये की बी. एस. पी. भूमि पर कब्जा लेने का मार्ग प्रशस्त हो गया है।
उल्लेखनीय है कि ये सभी फर्म / प्रतिष्ठान तत्कालीन महाप्रबंधक ( एनफोर्समेंट) के. के. यादव के नेतृत्व में, माननीय संपदा न्यायालय के आदेश पर, कायर्पालक मजिस्ट्रेट एवं पुलिस बल की उपस्थिति में अप्रैल 2022 तथा अगस्त 2022 में सील किए गए थे। किंतु इन फर्मों ने संपदा न्यायालय के आदेश से सील किए गए प्रतिष्ठानों के ताले स्वयं तोड़कर वहाँ दोबारा कब्जा जमा लिया था। तत्पश्चात वर्ष 2022 में माननीय उच्च न्यायालय द्वारा इन फर्मों को स्टे ( स्थगन) का लाभ प्रदान किया गया था, जिसके कारण वसूली एवं भूमि कब्जा कार्यवाही लंबित रह गई थी।
अब उच्च न्यायालय द्वारा सभी याचिकाएं खारिज कर दिए जाने से स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो गई है। भिलाई इस्पात संयंत्र अब राजस्व वसूली तथा अपनी भूमि पर कब्जे के लिए कानूनी कायर्वाही करने हेतु स्वतंत्र है। ज्ञात हो कि भिलाई इस्पात संयंत्र की ओर से छत्तीसगढ़ राज्य के उप महाधिवक्ता सौरभ कुमार पांडेय ने इन मामलों की पैरवी की।
रंजीत कुमार होंगे डीपीएस भिलाई के नए प्रिंसिपल
भिलाईनगर। डीपीएस भिलाई को लंबे अंतराल के बाद पूर्णकालिक प्रिंसिपल मिलने जा रह है। आदर्श विद्या मंदिर बोकारो के प्रिंसिपल रंजीत कुमार को डीपीएस भिलाई का नया प्रिंसिपल चुना गया है। वे 05 नवंबर को डीपीएस भिलाई के प्रिंसिपल का चार्ज ले सकते हैं।
ज्ञात हो कि डीपीएस के प्रिंसिपल परशांत वशिष्ठ 31 मार्च 2026 को रिटायर हो गए। इसके बाद से नए प्रिंसिपल के चयन को लेकर कवायद चल रही थी । रंजीत कुमार के पूर्व वीएन शेषाद्री को प्रिंसिपल चुना गया लेकिन निजी कारणों से उन्होंने बाद में सहमति नहीं दी। इसके बाद वाइस प्रिंसिपल अहमद हसन जुजानी को नए प्रिंसिपल के चयन तक प्रिंसिपल का प्रभार दिया गया था। अब अंततः रंजीत कुमार को प्रिंसिपल चुना गया है।
इनका चयन कुछ महीने पूर्व हुई दूसरी चयन प्रक्रिया के फलस्वरूप हुआ है जिसमें प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रत्याशी डीपीएस दुर्ग के प्रिंसिपल रहे यशपाल शर्मा ने चार्ज लेने से इनकार कर दिया। वैसे रंजीत कुमार का शानदार एकेडमिक रिकार्ड रहा है और उनकी छवि एक बहुत काबिल प्रिंसिपल की रही है। वे आदर्श विद्यामंदिर बोकारो के पूर्व सेंट माइकल्स स्कूल रांची, एपीवी जेपी ग्रुप धनकौर के प्रिंसिपल रहे।
गोलबाजार के 17 दुकानदारों को फिर नोटिस, जवाब के बाद होगी कार्रवाई
राजनांदगांव। गोलबाजार में दुकानों के आवंटन, किराया भुगतान और अवैध रूप से मटन मार्केट संचालित किए जाने का मामला एक बार फिर सामने आया है। राजगामी संपदा प्रबंधन ने इस मामले में 17 दुकानदारों को दोबारा नोटिस जारी किया है। इससे पहले दुकानदारों को 2 नवंबर 2026 तक आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने का समय दिया गया था। निर्धारित समय सीमा बीतने के बाद अब संबंधित दुकानदारों को फिर से नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।
जानकारी के अनुसार, गोलबाजार में कुछ दुकानदारों द्वारा लंबे समय से किराया जमा नहीं किया जा रहा है। वहीं, कुछ दुकानदारों पर दूसरे की दुकान अथवा स्थान पर कब्जा कर व्यवसाय संचालित करने का आरोप है। इनमें 9 दुकानदार ऐसे बताए जा रहे हैं, जो कथित तौर पर अवैध रूप से मटन मार्केट का संचालन कर रहे हैं। इसके अलावा किराया बकाया रखने वाले दुकानदारों को भी नोटिस जारी कर नियमानुसार कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
नोटिस जारी होने के बाद संबंधित दुकानदारों ने अपने पास दुकान से जुड़े आवश्यक दस्तावेज होने की बात कही है। उनका कहना है कि वे अपने पक्ष में दस्तावेज प्रस्तुत करेंगे। वहीं, राजगामी संपदा प्रबंधन की ओर से दुकानों के आवंटन, किराया भुगतान और कब्जे की वैधता की जांच की जा रही है।
तहसीलदार एवं राजगामी संपदा के व्यवस्थापक प्यारेलाल नाग ने कहा कि गोलबाजार में अवैध रूप से मटन मार्केट संचालित नहीं होने दिया जाएगा। संबंधित दुकानदारों को नोटिस जारी किया गया है। नोटिस का जवाब प्राप्त होते ही दस्तावेजों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
नगर पालिका की आज विशेष सभा बजट और विकास कार्यों पर होगी चर्चा
डोंगरगढ़। नगर पालिका परिषद डोंगरगढ़ की विशेष सामान्य सभा की बैठक आज, बुधवार को आयोजित की जाएगी। बैठक के लिए नगर पालिका प्रशासन ने 12 विषयों का एजेंडा निर्धारित किया है। बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 के पुनरीक्षित बजट एवं वर्ष 2026-27 के अनुमानित बजट पर विचार-विमर्श कर निर्णय लिया जाएगा। इसके अलावा डेस्कटॉप एवं स्वच्छता कार्यों से जुड़े कर्मचारियों के वर्ष 2026- 27 के अनुबंध, विभिन्न वार्डों में प्रस्तावित निर्माण एवं विकास कार्यों तथा स्वच्छता व्यवस्था से संबंधित विषयों पर चर्चा की जाएगी।
एजेंडे में नगर पालिका के विभिन्न विकास कार्यों, निर्माण कार्यों और अन्य प्रशासनिक विषयों को भी शामिल किया गया है। बैठक के अंत में अध्यक्ष की अनुमति से अन्य विषयों पर भी विचार किया जा सकेगा । नगरपालिका की इस बैठक में लिए जाने वाले निर्णयों का शहर की विकास योजनाओं और नागरिक सुविधाओं पर असर पड़ सकता है।
पुरानी रंजिश में दो युवकों पर चाकू डंडे से जानलेवा हमला, 4 गिरफ्तार
राजनांदगांव। पुरानी रंजिश को लेकर शहर के नंदई चौक के पास दो युवकों पर जानलेवा हमला करने के मामले में बसंतपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, घटना में शामिल तीन नाबालिग बालकों को भी अभिरक्षा में लिया गया है। आरोपियों ने बांस के डंडे और धारदार चाकू से हमला कर दोनों युवकों को गंभीर रूप से घायल कर दिया था।
बसंतपुर पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 2 नवंबर की रात करीब 9.30 बजे की है। वार्ड क्रमांक 39, कुआं चौक नंदई निवासी राजू भारती उर्फ उत्तम को सूचना मिली कि उनका पुत्र शुभम भारती और वरुण नायक नंदई चौक के पास खड़े होकर बातचीत कर रहे थे।
इसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर रितेश यादव उर्फ लारो और उसके साथियों ने दोनों युवकों के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। सूचना मिलते ही राजू भारती मौके पर पहुंचे। इस दौरान आरोपियों ने शुभम भारती के सिर पर बांस के डंडे से हमला किया, जबकि वरुण नायक के सीने के बाईं ओर धारदार चाकू से वार कर दिया।
हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का जिला अस्पताल में चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया। मामले की रिपोर्ट पर बसंतपुर थाने में अपराध क्रमांक 517/2026 के तहत धारा 296, 115(2), 351(2), 191 109 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने आरोपियों की पतासाजी कर उन्हें अभिरक्षा में लिया। पूछताछ में घटना में चार बालिग आरोपियों के साथ तीन नाबालिग बालकों की संलिप्तता सामने आई।
जयस्तंभ चौक में ही मार्किंग के अंदर दुकान लगाएंगे पसरा व्यापारी
राजनांदगांव। यौहार के बीच पसरा व्यवसाईयों को नगर निगम द्वारा बेदखल करने के बीच कलेक्टर ने उन्हें राहत दी है। पसरा व्यवसाईयों के साथ कांग्रेसियों ने कलेक्टर को ज्ञापन देकर उसी जगह में दुकान लगाने की मांग की है। जिसे लेकर कलेक्टर ने उन्हें राहत देते हुए नगरनिगम को उसी जगह मार्किंग करने के निर्देश दिए है। दीपावली पर्व के बीच नगरनिगम द्वारा तीसरी बार बुलडोजर लेकर बेदखल करने की कार्यवाही वहां की गई।
हाल ही में पर्व के बीच एक बार फिर सोमवार को नगरनिगम की टीम बुलडोजर लेकर पहुंची थी। बुलडोजर के सामने महिलाएं बैठ गई, विरोध के बाद नगरनिगम को मौके से लौटना पड़ गया था। वहीं मंगलवार को सभी पसरा व्यवसाई और कांग्रेसियों की मौजूदगी में कलेक्टर जितेन्द्र यादव से मुलाकत की गई। इस दौरान पसरा व्यवसाइयों ने बताया कि, पर्व में कई सालों से उनके द्वारा वहां दुकान लगाया जाता है। जिससे गुजर बसर कर वे अपने परिवार का लालन पालन करते है। लेकिन इस बार नगरनिगम द्वारा सख्ती से उन्हें हटाने की कार्यवाही की जा रही है।
पर्व के बीच इस तरह सख्ती बरते जाने की बात पसरा व्यवसाईयों ने कलेक्टर से की। कलेक्टर ने पसरा व्यवसाईयों की बात सुनने के बाद नगरनिगम को जयस्तंभ चौक में व्यवस्था बनाने के निदेश दिए है। उन्हे वहां मार्किंग कर सड़क किनारे पसरा व्यवसाईयों को जगह देने कहा है। ताकि पर्व के बीच उन्हें परेशानी सामना नही करना पड़े।
डोंगरगढ़, डोगरगांव तथा राजनांदगांव के विभिन्न प्रतिष्ठानों में खाद्य विभाग की दबिश
राजनांदगांव। आगामी पावन पर्व दीपावली को दृष्टिगत रखते हुए आम नागरिकों को शुद्ध, स्वच्छ, मिलावट रहित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नियंत्रक खाद्य एवं औषधि प्रशासन एवं कलेक्टर जिला राजनांदगांव के मार्गदर्शन में खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा जिले भर में व्यापक जांच व निगरानी अभियान संचालित किया जा रहा है।
त्योहारों के समय मिठाइयों, नमकीन, दुग्ध उत्पादों एवं अन्य खाद्य सामग्रियों की बढ़ती मांग के मद्देनजर मिलावटखोरी पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के जांच दल द्वारा विभिन्न क्षेत्रों के होटल, रेस्टोरेंट, मिठाई दुकानों एवं सुपरमार्टों का औचक निरीक्षण किया जा रहा है। इस विशेष सघन अभियान के दौरान जांच दल द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में दबिश देकर नमूने लिए गए।
इसके तहत रामप्रसाद होटल से सलोनी नमकीन एवं बेसन लड्डू, उत्तम स्वीट्स मानव मंदिर चौक (राजनांदगांव) से काजू कतली एवं बटर खारी, शुभम के. मार्ट (डोंगरगढ़) से बेसन लड्डू, सोन पापड़ी, बेसन, सूजी एवं मैदा, बजरंगी होटल (डोंगरगढ़) से रस मलाई, शिवा होटल (डोंगरगढ़) से बालू शाही एवं पेड़ा, देव जलपान गृह (अर्जुनी, डोंगरगांव) से पेड़ा एवं बेसन लड्डू तथा योगेश होटल से बूंदी लड्डू के नमूने नियमानुसार जप्त कर सीलबंद किए गए।