सर्वोदय तालाब पर अतिक्रमण को लेकर ग्रीन आर्मी ने प्रशासन का ध्यान खींचा


रायपुर : शहर के महत्वपूर्ण जलस्रोत सर्वोदय तालाब पर हो रहे अतिक्रमण को लेकर ग्रीन आर्मी संस्था ने शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है। संस्था ने तालाब की जमीन पर हो रहे अवैध कब्जों को हटाने के लिए तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, अरविंद दीक्षित वार्ड क्रमांक 56 अंतर्गत पचपेड़ी नाका से लगभग 100 मीटर दूरी पर स्थित सर्वोदय तालाब की भूमि पर स्थानीय नागरिकों द्वारा सितंबर 2025 से लगातार अतिक्रमण किया जा रहा है। इस संबंध में नगर निगम के जोन क्रमांक 10 द्वारा कई बार नोटिस जारी किए गए, लेकिन अब तक किसी ठोस कार्रवाई के संकेत नहीं मिले हैं।

बताया गया है कि स्थानीय मोहल्ला विकास समिति पिछले 25 वर्षों से तालाब के संरक्षण के लिए लगातार प्रयासरत है। वहीं, ग्रीन आर्मी संस्था भी बीते चार वर्षों से सर्वोदय तालाब को बचाने के लिए विभिन्न स्तरों पर अभियान चला रही है।

करीब 20 दिन पूर्व ग्रीन आर्मी संस्था ने सर्वोदय तालाब से जुड़ी समस्याओं को लेकर कलेक्टर, महापौर, अपर आयुक्त एवं नगर निगम आयुक्त को लिखित ज्ञापन सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की थी। संस्था का कहना है कि यदि समय रहते अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तो आने वाले वर्षों में तालाब का अस्तित्व समाप्त होने का खतरा पैदा हो सकता है, जिससे क्षेत्र में जल संकट और पर्यावरणीय असंतुलन की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।

ग्रीन आर्मी संस्था ने शासन-प्रशासन से इस विषय पर तत्काल संज्ञान लेकर अतिक्रमण हटाने की प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि इस ऐतिहासिक एवं जनहितकारी जलस्रोत को सुरक्षित रखा जा सके।

VIEW MORE

Category News