रवि कुमार अग्रवाल (रायगढ़)। नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन छत्तीसगढ़ एवं कलेक्टर रायगढ़ के आदेशानुसार तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सह पदेन उपसंचालक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन जिला रायगढ़ के निर्देशन में “बने खाबो, बने रहिबो-2” अभियान के तहत सोमवार को खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने शहर के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान टीम ने कलकत्ता स्वीट्स से गुणवत्ता को लेकर शंका के आधार पर खोवा का नमूना लिया। प्रतिष्ठान में साफ-सफाई संबंधी व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए आवश्यक सुधार के लिए सुधार सूचना भी जारी की गई।
इसके बाद टीम ने कातोरे रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया, जहाँ से कलाकंद का नमूना लिया गया। यहां भी स्वच्छता एवं हाइजीन संबंधी व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार के लिए प्रतिष्ठान संचालक को सुधार सूचना दी गई।
इसी क्रम में आशीर्वाद ट्रेडर्स का निरीक्षण करते हुए पैक्ड नारियल लड्डू का नमूना लिया गया। अधिकारियों ने प्रतिष्ठान को बिना लेबल वाले खाद्य पदार्थों की बिक्री नहीं करने तथा ऐसे खाद्य पदार्थों की खरीद नहीं करने के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही खाद्य प्रतिष्ठान में स्वच्छता एवं हाइजीन व्यवस्था बेहतर बनाए रखने के लिए सुधार सूचना दी गई।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार निरीक्षण के दौरान लिए गए खाद्य नमूनों को नियमानुसार जाँच के लिए भेजा जाएगा। जाँच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्यवाही की जाएगी। कार्यवाही के दौरान अभिहित अधिकारी सुधा चौधरी, खाद्य सुरक्षा अधिकारी सरिता पटेल, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नेमीचंद पटेल एवं नमूना सहायक सुमन अग्रवाल मौजूद रहे।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन की इस कार्यवाही से खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और लेबलिंग संबंधी नियमों के पालन को लेकर विभाग की निगरानी जारी रहने का संदेश गया है।