रायपुर, 21 अगस्त 2026। राजधानी रायपुर में मोबाइल स्नेचिंग की लगातार वारदातों का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक युवक और विधि के साथ संघर्षरत एक बालक को पकड़ा है। आरोपियों ने सरस्वती नगर थाना क्षेत्र में मोबाइल स्नेचिंग की दो घटनाओं को अंजाम दिया था। वारदात में मौदहापारा थाना क्षेत्र से चोरी की गई एक्टिवा का इस्तेमाल किया गया।
डीसीपी वेस्ट जोन रॉबिंसन गुड़िया के निर्देशन, एडीसीपी राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन तथा सहायक पुलिस आयुक्त आजाद चौक ईशू अग्रवाल (IPS) के नेतृत्व में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना सरस्वती नगर की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से स्नेचिंग किए गए 5 मोबाइल फोन और चोरी की एक्टिवा बरामद की है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 1.50 लाख रुपये बताई गई है।
मॉर्निंग वॉक के दौरान महिला का मोबाइल छीना
पुलिस के मुताबिक कोटा निवासी उन्नति ठाकुर ने थाना सरस्वती नगर में शिकायत दर्ज कराई थी कि 19 अगस्त 2026 की सुबह वह मॉर्निंग वॉक पर निकली थीं। दिशा कॉलेज रोड पर रेयांश किचन के सामने ग्रे रंग की एक्टिवा पर सवार दो युवकों ने झपट्टा मारकर उनका मोबाइल फोन छीन लिया और फरार हो गए।
मामले में थाना सरस्वती नगर में अपराध क्रमांक 177/26, धारा 304(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
इसी दिन कॉलेज जाते समय चौबे कॉलोनी, नॉर्थ एवेन्यू रोड निवासी युवराज मेहर का भी इसी तरीके से मोबाइल छीन लिया गया। उनकी शिकायत पर अपराध क्रमांक 178/26, धारा 304(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
चोरी की एक्टिवा से कर रहे थे वारदात
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि स्नेचिंग की घटनाओं में इस्तेमाल की गई एक्टिवा 21 जुलाई 2026 को मेडिकल कॉलेज पार्किंग से चोरी हुई थी। वाहन मालिक टोको टाकर की शिकायत पर थाना मौदहापारा में अपराध क्रमांक 132/26, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज था।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर संयुक्त पुलिस टीम ने घटनास्थलों का निरीक्षण किया और पीड़ितों से पूछताछ के साथ-साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के विश्लेषण से सामने आया कि मोबाइल स्नेचिंग में इस्तेमाल की गई एक्टिवा वही थी, जो मौदहापारा थाना क्षेत्र से चोरी हुई थी।
इसके बाद पुलिस ने मुखबिर तंत्र और तकनीकी विश्लेषण के जरिए संदिग्धों की तलाश शुरू की। लगातार निगरानी के दौरान पुलिस टीम को एमजी रोड क्षेत्र में चोरी की एक्टिवा पर सवार दो लड़कों के मौजूद होने की सूचना मिली।
घेराबंदी कर पकड़ा, 5 मोबाइल बरामद
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने एमजी रोड क्षेत्र में घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में एक ने अपना नाम वरुण साहू बताया, जबकि दूसरा विधि के साथ संघर्षरत बालक पाया गया।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों ने एक्टिवा चोरी करने और इसी वाहन का इस्तेमाल कर मोबाइल स्नेचिंग की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस का कहना है कि दोनों ने दो स्नेचिंग के अलावा तीन अन्य मोबाइल चोरी की घटनाओं में भी संलिप्तता स्वीकार की है।
आरोपियों की निशानदेही पर स्नेचिंग किए गए 5 मोबाइल फोन और चोरी की एक्टिवा बरामद की गई। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 1.50 लाख रुपये है। अन्य 3 मोबाइल फोन के संबंध में पुलिस की जांच जारी है।
पकड़े गए आरोपियों का विवरण
1. वरुण साहू, पिता राजेंद्र प्रसाद साहू, उम्र 23 वर्ष, निवासी राम नगर, त्रिमूर्ति चौक, कबीर मेडिकल के पास, थाना गुढ़ियारी, रायपुर।
2. विधि के साथ संघर्षरत एक बालक।
पुलिस ने दोनों के खिलाफ दर्ज मामलों में वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस पूरी कार्रवाई में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना सरस्वती नगर की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।