SCG NEWS। खालसा पंथ स्थापना दिवस एवं बैसाखी पर्व के पावन अवसर पर राजधानी रायपुर के गुरु नानक नगर गुरुद्वारा में श्रद्धा और भक्ति से भरा दीवान आयोजित हुआ। सुबह से शाम तक शबद‑कीर्तन, अरदास, लंगर और सेवा की परंपरा ने गुरुद्वारा परिसर को आस्था का केंद्र बना दिया। बच्चों ने दस्तार और पगड़ी बांधकर सिख परंपरा को श्रद्धा से निभाया तो निवासी अपने परिवारों के साथ गुरबाणी का श्रवण करते हुए समाज में प्रेम और भाईचारे का संदेश फैलाया।
सिख समुदाय की इस श्रद्धालु एकता ने रायपुर के गुरुद्वारे को बैसाखी के पावन मौके पर आस्था और सेवा का प्रतीक बना दिया। छत्तीसगढ़ सिख समाज ने सभी के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना करते हुए समस्त प्रदेशवासियों को बैसाखी की लख‑लख शुभकामनाएं दी हैं।
विवरण :: खालसा पंथ स्थापना दिवस एवं बैसाखी पर्व पर रायपुर स्थित गुरु नानक नगर गुरुद्वारा में विशेष दीवान और सेवा आयोजन का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों सिख संगत ने श्रद्धा एवं भक्ति से भाग लिया।
सुबह 10:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक श्रद्धा एवं भक्ति भाव से शबद‑कीर्तन, गुरबाणी पाठ एवं सरबत के भले की अरदास के साथ दीवान संपन्न हुआ। गुरुद्वारे में स्त्री, पुरुष, बच्चे एवं बुजुर्ग सज‑धज कर माथा टेककर गुरुघर की खुशियां मनाईं और लंगर में सभी ने एक साथ भोजन कर सेवा एवं संगत की परंपरा को निभाया। बच्चों ने दस्तार, पगड़ी एवं दोमाला बांधकर शरबत वितरण, जूते सेवा और लंगर में सक्रिय भागीदारी दिखाई। प्रदेश अध्यक्ष सुखबीर सिंह सिंघोत्रा ने नई पीढ़ी में सिख इतिहास, बलिदान और देशप्रेम की भावना जागृत करने की अपील की और आपसी प्रेम, भाईचारा एवं एकता बनाए रखने का आह्वान किया।