मुंगेली. मुंगेली व्यापार मेला अब केवल व्यापार और खरीदारी का आयोजन नहीं, बल्कि जिले की सामाजिक, सांस्कृतिक और रचनात्मक पहचान का महत्वपूर्ण मंच बन चुका है. स्टार्स ऑफ टुमारो वेलफेयर सोसाइटी द्वारा आयोजित मुंगेली व्यापार मेला अपने दस वर्षों की सफल यात्रा पूरी कर 11वें वर्ष में प्रवेश कर चुका है. मेले के प्रथम दिवस छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे मुंगेली जिले की पहचान बताया. वहीं आयोजन के मंच से समाजसेवा, साहित्य, खेल, कला, उद्यमिता, स्वास्थ्य सेवा और शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों एवं मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया.
दीप प्रज्वलन के साथ मेले का शुभारंभ, उपमुख्यमंत्री ने की आयोजन की सराहना

व्यापार मेले के प्रथम दिवस कार्यक्रम का शुभारंभ बीती रात अतिथियों द्वारा मां वीणापाणी, विघ्नहर्ता भगवान गणेश एवं छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया गया. मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने अपने उद्बोधन में कहा कि मुंगेली की मिट्टी का संस्कार उनके साथ हमेशा रहा है. वर्ष 1990 में समाजसेवा और नगर विकास के उद्देश्य से जो बीजारोपण किया गया था, स्टार्स ऑफ टुमारो की टीम आज भी उसी ऊर्जा और सेवा भावना के साथ कार्य कर रही है.

उन्होंने कहा कि स्टार्स ऑफ टुमारो की टीम की सहजता और सेवाभाव ने उन्हें काफी प्रभावित किया है. इतने बड़े आयोजन को आयोजित करना अपने आप में हिम्मत और समर्पण का काम है. मुंगेली व्यापार मेला पिछले दस वर्षों में क्षेत्र में अपनी अलग पहचान स्थापित कर चुका है. उद्योग और व्यापार के साथ-साथ कला और संस्कृति के क्षेत्र में भी टीम ने अनुकरणीय कार्य किया है. व्यवस्था, साज-सज्जा और कार्यक्रमों में लगातार नवीनता देखने को मिल रही है. उन्होंने भव्य आयोजन के लिए स्टार्स ऑफ टुमारो की पूरी टीम को बधाई दी.
कार्यक्रम में उपस्थित जिला पंचायत मुंगेली के अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय ने कहा कि मुंगेली व्यापार मेला नगर की पहचान बन चुका है और अब यह शहर में त्योहार का रूप ले चुका है. उन्होंने इस आयोजन के लिए स्टार्स ऑफ टुमारो को बधाई देते हुए आयोजन की सराहना की.
स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देने का उद्देश्य
स्टार्स ऑफ टुमारो के सचिव विनोद यादव ने स्वागत भाषण देते हुए अतिथियों का अभिनंदन किया. कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए संयोजक रामपाल सिंह ने कहा कि मुंगेली व्यापार मेला केवल स्टार्स ऑफ टुमारो का मेला नहीं, बल्कि पूरे शहर का आयोजन है. इसमें शहरवासियों का सहयोग और सहभागिता महत्वपूर्ण है.
उन्होंने बताया कि मेले का प्रमुख उद्देश्य लघु एवं कुटीर उद्योगों को बढ़ावा देना, स्थानीय प्रतिभाओं को अवसर उपलब्ध कराना और नगर की नवोदित प्रतिभाओं को मंच देना है. विद्यालयीन एवं महाविद्यालयीन विद्यार्थियों के साथ नगर की नई प्रतिभाओं को मुंगेली गॉट टैलेंट, साहित्य, मेहंदी, चित्रकला सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से शहर और प्रदेश के सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है.
मेले के मंच से समाजसेवा और प्रतिभाओं का सम्मान
मुंगेली व्यापार मेला 2026 के प्रथम दिवस स्टार्स ऑफ टुमारो वेलफेयर सोसाइटी द्वारा समाज के विभिन्न क्षेत्रों में अनुकरणीय योगदान एवं उपलब्धियां हासिल करने वाले लोगों को उपमुख्यमंत्री अरुण साव के हाथों सम्मानित किया गया. सम्मान समारोह में सेवा, समर्पण, प्रतिभा और उपलब्धियों को प्रोत्साहित करने की पहल देखने को मिली.
सम्मानित व्यक्तित्व और संस्थाएं


- गौ सेवा सम्मान: गौ संरक्षण एवं गौ सेवा के लिए कार्यरत संस्था गौ सेवा धाम मुंगेली.
- रक्तवीर सम्मान: रक्तदान के माध्यम से जीवन बचाने की प्रेरणा देने वाले प्रशांत साहू.
- मानव सेवा सम्मान: स्वास्थ्य सेवा के लिए तत्पर रहने वाले डॉ. मनीष बंजारा.
- साहित्य सम्मान: वरिष्ठ साहित्यकार एवं पत्रकार मनोज अग्रवाल.
- खेल प्रतिभा सम्मान: बैडमिंटन में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करने वाले हर्ष शर्मा.
- कुशल उद्यमी सम्मान: सफल उद्यमी परसराम मंगलानी.
- देहदान प्रेरणा सम्मान: चिकित्सा क्षेत्र के शोध एवं मानव कल्याण के लिए देहदान करने वाले स्व. गोरेलाल राजपूत को मरणोपरांत सम्मान.
- शिक्षा सम्मान: वनवासी क्षेत्र में नि:शुल्क प्रशिक्षण सहित सेवा कार्य करने वाले जितेंद्र सिंह.
- कला सम्मान: कथक नृत्य के माध्यम से मुंगेली से विदेश तक अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने वाली गोपिका कश्यप.
- फैशन एवं मॉडलिंग गौरव सम्मान: मॉडलिंग, फैशन और रैंप प्रस्तुति के माध्यम से मुंगेली का नाम रोशन करने वाली नगर की बिटिया सृष्टि सिंह.
राज्य स्तर पर उपलब्धि हासिल करने वाले मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान
सम्मान समारोह में जिले के उन मेधावी छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया जिन्होंने राज्य स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल कर मुंगेली जिले का नाम गौरवान्वित किया. कक्षा 12वीं में राज्य स्तर पर आठवां स्थान प्राप्त करने वाले चैतुराम साहू को सम्मानित किया गया. वहीं कक्षा 10वीं में राज्य स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में अंशुल शर्मा, न्यू जेनरेशन पब्लिक स्कूल लोरमी, जिन्होंने 99 प्रतिशत अंक प्राप्त किए. सरस्वती शिशु मंदिर मुंगेली की छात्रा नंदिता देवांगन, जिन्होंने 98.8 प्रतिशत अंक प्राप्त किए और हायर सेकेंडरी विद्यालय चकरभट्ठा की हेमा साहू, जिन्होंने 97.8 प्रतिशत अंक प्राप्त किए, को सम्मानित किया गया. उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने सम्मान कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि समाजसेवा करने वाले लोगों और मेधावी विद्यार्थियों को मंच से सम्मान मिलने से निश्चित रूप से दूसरे लोगों को भी प्रेरणा मिलेगी. ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा और प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का कार्य करते हैं.
छत्तीसगढ़ी लोकगीतों पर देर रात तक झूमे दर्शक
अतिथि उद्बोधन और सम्मान समारोह के पश्चात छत्तीसगढ़ी लोककला मंच अंजोर की सुप्रसिद्ध गायिका गरिमा एवं स्वर्णा दिवाकर ने अपनी प्रस्तुति दी. छत्तीसगढ़ की पारंपरिक गीतों और लोकसंगीत की शानदार प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया. लोकगीतों की धुन पर मेला परिसर में देर रात तक दर्शक झूमते रहे.
28 नवंबर को रंगोली, समूह नृत्य और सोनहा माटी की प्रस्तुति
मुंगेली व्यापार मेला के दूसरे दिन शनिवार 28 नवंबर को दोपहर 2 बजे दीपावली स्पेशल थीम पर रंगोली प्रतियोगिता आयोजित होगी. शाम 6 बजे धार्मिक गीतों पर आधारित समूह नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा. वहीं रात 9 बजे छत्तीसगढ़ी लोककला मंच सोनहा माटी के सुप्रसिद्ध गायक भूपेंद्र जायसवाल की प्रस्तुति दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगी.
आयोजन को सफल बनाने में जुटी पूरी टीम
व्यापार मेले को सफल बनाने में संस्था के संयोजक रामपाल सिंह, सहसंयोजक रामशरण यादव, अध्यक्ष महावीर सिंह, सचिव विनोद यादव, कोषाध्यक्ष धनराज परिहार, दिनेश गोयल, सतपाल मक्कड़, गोखलेश सिंह, विकास जैन, देवेंद्र परिहार, दीपक जैन, रणवीर सिंह, श्रेणिक पारेख, नीलेश केशरवानी, आशीष सोनी, अनुराग सिंह, सूरज मंगलानी, गिरीश सुथार, मुकेश पांडेय, सुनील वाधवानी, अनीश जैन, देवशंकर श्रीवास्तव, गौरव जैन, कोमल चौबे, धीरज जैन, नागेश साहू, संदीप सिंह, पप्पू शर्मा, राहुल मल्लाह, पवन यादव, श्रेयांश बैद, आर्या सिंह, वासु पांडेय, आशीष सिंह, अजय चंद्राकर, राहुल साहू, वैभव ताम्रकार, रॉकी सलूजा, देवेंद्र गहरवार, दिलबाग सिंह, रवि साहू, चित्रकान्त सिंह, श्रीओम सिंह, रघुराज सिंह, सुरेश यादव, परमेश्वर देवांगन, संतोष जांगड़े, अमित साहू सहित संस्था के सभी सदस्य सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं.
मुंगेली व्यापार मेला अपने 11वें वर्ष में व्यापारिक गतिविधियों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, प्रतिभा सम्मान और सामाजिक सरोकारों के संग शहर की सामूहिक पहचान को मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है.