बिलासपुर. विजयादशमी उत्सव के उपलक्ष्य में महाराणा प्रताप उपनगर सिरगिट्टी बस्ती के बन्नाकचौक में आज राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से पथ संचलन निकाला जाएगा. दोपहर 2 बजे शुरू होने वाला यह संचलन मुख्य मार्गों से होते हुए गोविंद नगर पहुंचेगा, जहां से वापस बन्नाक चौक लौटकर संपन्न होगा. आयोजन को लेकर क्षेत्र के संघ स्वयंसेवक तैयारियों में जुटे हैं. पथ संचलन में स्वयंसेवक निर्धारित गणवेश में अनुशासित कदमताल करते हुए एकजुटता, संगठन और राष्ट्रसेवा का संदेश देंगे. संघ की परंपरा में विजयादशमी के अवसर पर आयोजित पथ संचलन अनुशासन, सामूहिकता और सामाजिक समरसता का प्रतीक माना जाता है.
बाघिन ने दो हिरणों का किया शिकार
लोरमी. वन परिक्षेत्र खुड़िया के कारीडोंगरी के जंगल में एक बाघिन ने दो हिरण का शिकार किया है. घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग अलर्ट मोड पर है, पूरे क्षेत्र में सतर्कता के लिए मुनादी कराने के साथ-साथ बाघिन की खोजबीन शुरू कर दी गई है. मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार शाम को वन परिक्षेत्र खुड़िया के कारिडोंगरी के पास पेट्रोलिंग करने वाले स्टाफ को एक बाघिन का पग मार्ग दिखा, उन्होंने इसकी सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को दी. अधिकारियों के मार्गदर्शन में वन अमले ने आसपास गस्त किया, तब शाम को ही कक्ष क्रमांक 494/95 मे दो हिरण मृत अवस्था में पाया गया. जिसे देखते हुए बाघिन के हमले से हिरण का शिकार होने की आशंका जताई जा रही है. बाघिन का पगमार्ग मिलने और शिकार हुए हिरणों की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग के अधिकारियों ने मैदानी अमले को तत्काल निगरानी के लिए आदेश दिए हैं. घटना को लेकर पूरे क्षेत्र में अलर्ट जारी कर दिया गया है. ग्रामीणों को अकेले जंगल की ओर नहीं जाने की सलाह भी दी गई है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना न हो. उपवनमंडलाधिकारी डी एस सूर्यवंशी ने बताया कि वन अमले के द्वारा बाघिन की तलाश की जा रही है, उन्होंने बाघिन को संभवतः अचानकमार टाइगर रिजर्व में जाने की आशंका जताई है. वनमंडल अधिकारी तन्मय कौशिक ने बताया कि वन विभाग द्वारा क्षेत्र में ट्रैप कैमरा लगाया गया है और नियमित गश्ती एवं निगरानी की जा रही है. वन विभाग द्वारा ग्राम कारीडोंगरी झलरी दुल्लापुर खुडिया कंसरी सहित आसपास के सभी ग्रामों के निवासियों से अपील की गई है कि वे अनावश्यक रूप से जंगल में प्रवेश न करें. मवेशियों को जंगल में चरने के लिए न ले जाएं बाघिन अथवा उसके पर्व मार्ग दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग को सूचित करें.
सरपंच चुनाव की रंजिश में युवक की हत्या
मुंगेली. सरपंच चुनाव में महज 8-9 मतों से मिली हार की रंजिश में तुलसी साहू (32) की हत्या कर दी गई. मुंगेली पुलिस ने अंधेकत्ल का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है. हत्या की साजिश मुख्य आरोपी धनीराम साहू ने रची थी, जिसके लिए 1 लाख 20 हजार रुपये की सुपारी तय की थी. पुलिस के अनुसार, वर्ष 2025 के सरपंच चुनाव में धनीराम साहू हार गया था, झुलुराम वर्मा चुनाव जीतकर सरपंच निर्वाचित हुए थे. उसे शक था कि मतगणना अभिकर्ता रहे तुलसी साहू ने कुछ मत निरस्त करवाकर उसकी हार सुनिश्चित की. इसी रंजिश में उसने अपने साले भुवन साहू और अन्य लोगों के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई. 25 अक्टूबर की शाम तुलसी घर से निकला था. आरोपियों ने ग्राम पेण्ड्री ‘स’ के पास उसकी मोटरसाइकिल रुकवाकर कार में अपहरण कर लिया. उसे ट्यूबवेल के पंप हाउस में ले जाकर 100 रुपये के स्टाम्प पेपर पर चुनाव में कथित गड़बड़ी स्वीकार करवाने संबंधी बातें लिखवाईं और वीडियो बनाया. इसके बाद बिजली के तार से पैर बांधकर गमछे से गला घोंट दिया. हत्या के बाद शव को गणेश मिनरल्स के पास कीचड़ में फेंककर कांटेदार झाड़ियों से ढंक दिया गया.
वंदे भारत मेंटेनेंस प्रक्रिया और पिट लाइन का जीएम ने लिया जायजा
बिलासपुर. दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरूण प्रकाश ने आज 31 अक्टूबर 2026 को बिलासपुर में वंदे भारत मेंटेनेंस डिपो का विस्तृत निरीक्षण किया. उन्होंने डिपो में स्थापित विभिन्न मशीनों, उपकरणों एवं स्वचालित प्रणालियों की कार्यप्रणाली, कार्यक्षमता एवं संचालन व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया. साथ ही संबंधित अधिकारियों एवं पर्यवेक्षकों से इनके संचालन एवं रखरखाव के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की. उन्होंने सभी मशीनों एवं उपकरणों का संरक्षा मानकों के अनुरूप सुचारू एवं संरक्षित संचालन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया. निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने डिपो में स्थापित अत्याधुनिक ऑटोमेटिक कोच वॉशिंग प्लांट का भी अवलोकन किया. इस दौरान महाप्रबंधक के समक्ष वंदे भारत एक्सप्रेस रैक की धुलाई का भौतिक परीक्षण किया गया. उन्होंने प्लांट की कार्यक्षमता एवं स्वचालित धुलाई प्रक्रिया का जायजा लेते हुए डिपो में उपलब्ध आधुनिक सुविधाओं के प्रभावी उपयोग पर बल दिया. इसके पश्चात लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर वंदे भारत डिपो में महाप्रबंधक श्री तरुण प्रकाश द्वारा मुख्यालय एवं मंडल के अधिकारियों एवं कमर्चारियों को देश की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा बनाए रखने तथा राष्ट्रीय एकता को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की शपथ दिलाई गई. इस अवसर पर अपर महाप्रबंधक वजय कुमार साहू, मंडल रेल प्रबंधक राकेश रंजन सहित मुख्यालय और बिलासपुर मंडल के वरिष्ठ अधिकारी, अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीउपस्थित थे.
ट्रेन की चपेट में आया युवक
रायगढ़. शहर में ओवरब्रिज के नीचे रेलवे फाटक के पास शनिवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक अचानक ट्रेन की चपेट में आ गया. इस हादसे में ट्रेन की चपेट में आने से युवक का दायां हाथ कटकर अलग हो गया है. हादसे के बाद वह बुरी तरह लहूलुहान होकर ट्रैक के पास ही गिर पड़ा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया. घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तत्काल घटनास्थल का रुख किया. जवानों ने तत्परता दिखाते हुए खून से लथपथ और गंभीर रूप से घायल युवक को बिना समय गंवाए स्थानीय अस्पताल में पहुंचाया. अत्यधिक खून बह जाने के कारण युवक की स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है और डॉक्टरों की विशेष निगरानी में उसका सघन उपचार किया जा रहा है. इस दर्दनाक हादसे के तुरंत बाद जीआरपी ने भी मामले को संज्ञान में लेते हुए अपनी तहकीकात शुरू कर दी है. जीआरपी की टीम घटनास्थल का मुआयना कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह घटना महज एक हादसा है, या ट्रैक पार करते समय हुई कोई चूक. फिलहाल पुलिस घायल युवक की शिनाख्त करने के साथ-साथ आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है. घटना को लेकर जीआरपी की तहकीकात आरंभ कर दी गई है प्रारंभिक जांच में घायल पुसौर गांव के निवासी होने का पता चला है.