जंगल में लकड़ी लेने गया ग्रामीण तेंदुए से भिड़ा, अचानक आमना-सामना होने पर सूझबूझ से बचाई अपनी जान…


कवर्धा. कबीरधाम जिले के लोहारा वन परिक्षेत्र के कुटकिपारा गांव में लकड़ी लेने जगंल गए ग्रामीण का खूंखार तेंदुए से सामना हो गया. तेंदुए के हमले से ग्रामीण गंभीर रूप से घायल गया. घटना के बाद आसपास के गांवों में तेंदुए की मौजूदगी से दहशत का माहौल है.


जानकारी के अनुसार, घायल ग्रामीण की पहचान टेकराम ध्रुव निवासी कुटकिपारा के रूप में हुई है. शनिवार शाम वह घरेलू उपयोग के लिए लकड़ी लेने पास के जंगल गया था. लकड़ी इकट्ठा करने के दौरान अचानक उसका सामना तेंदुए से हो गया. तेंदुए को देखकर उसने पहले भागने की कोशिश की, लेकिन वन्य प्राणी ने उस पर हमला कर दिया.


CG Leopard Attack : ग्रामीण ने तेंदुए पर टांगिया से हमला कर बचाई जान

इस दौरान टेकराम ने बचाव के लिए अपने हाथ में रखी टांगिया से तेंदुए पर वार किया. इससे तेंदुआ डरकर वहां से भाग गया. हालांकि, हमले में उसके हाथ और कंधे पर तेंदुए के नाखूनों से गहरे घाव हो गए. इसके बाद वह किसी तरह अपने घर पहुंचा और परिजनों को घटना की जानकारी दी. परिजन उसे तत्काल लोहारा उपस्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार किया जा रहा है.


CG Leopard Attack : तेंदुए की मौजूदगी से लोगों में दहशत

गौरतलब है कि कवर्धा शहर के भीतर तेंदुए का वीडियो सामने आने के बाद से लोगों में दहशत का माहौल है. इसके बाद अलग-अलग इलाकों से भी तेंदुए के देखे जाने की सूचनाएं मिल रही हैं. हालांकि, वन विभाग ने सभी सूचनाओं की पुष्टि नहीं की है. विभाग के मुताबिक, कुछ स्थानों पर ही तेंदुए की मौजूदगी की पुष्टि हुई है.

तेंदुए की तलाश में वन विभाग की टीम लगातार सक्रिय है. रात के समय पिंजरा लगाकर निगरानी की गई. इसके अलावा ड्रोन की मदद से भी तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है.

VIEW MORE

Category News