मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना पर उठे सवाल, सोमनाथ दर्शन करने गए बुजुर्गों ने वीडियो जारी कर बताई अव्यवस्थाएं, सरकार से लगाई मदद की गुहार


रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार की मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना एक बार फिर सवालों के घेरे में है। सोमनाथ मंदिर दर्शन के लिए गए प्रदेश के बुजुर्ग यात्रियों ने वीडियो जारी कर यात्रा के दौरान अव्यवस्थाओं और बदहाल इंतजामों की शिकायत की है। बुजुर्गों का आरोप है कि उन्हें कई घंटों तक सड़क पर बैठने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। वहीं, भोजन और ठहरने की व्यवस्था भी बेहद खराब है।


वीडियो में बुजुर्ग अपनी परेशानी बताते हुए सरकार से व्यवस्था में सुधार की गुहार लगा रहे हैं। उनका कहना है कि जिस तरह की बदहाली में उन्हें लाकर खड़ा कर दिया गया है, उससे उन्हें बेहद अपमानजनक स्थिति का सामना करना पड़ रहा है। बुजुर्गों ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि उन्हें भिखारी से भी बदतर हालत में छोड़ दिया गया है।



खाने की गुणवत्ता और साफ-सफाई पर गंभीर आरोप

यात्रियों ने भोजन की गुणवत्ता को लेकर भी गंभीर शिकायत की है। उनका कहना है कि खाना इतना घटिया है कि मजबूरी में सिर्फ जिंदा रहने के लिए खाना पड़ रहा है। बुजुर्गों के मुताबिक, उन्होंने अपने जीवन में आज तक इतना खराब भोजन नहीं खाया। ठहरने की जगह की साफ-सफाई को लेकर भी उन्होंने नाराजगी जताई है। उनका आरोप है कि वहां इतनी गंदगी है कि देखकर लगता है कि पिछले 15-20 दिनों से झाड़ू-पोंछा तक नहीं हुआ है।



जिम्मेदार कोच की गैरमौजूदगी पर उठाए सवाल

बुजुर्ग यात्रियों ने व्यवस्था संभालने वाले जिम्मेदार कोच की मौजूदगी पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि जब यात्री परेशान हैं, तब जिम्मेदार कोच का कोई पता नहीं है। ऐसे में बुजुर्गों को अपनी समस्याओं के बीच खुद ही जूझना पड़ रहा है।गौरतलब है कि मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना का संचालन समाज कल्याण विभाग द्वारा किया जाता है। इस योजना का उद्देश्य प्रदेश के बुजुर्गों को तीर्थस्थलों का दर्शन कराना है, लेकिन यात्रियों द्वारा जारी वीडियो में लगाए गए आरोपों ने योजना के तहत की जा रही व्यवस्थाओं और संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

VIEW MORE

Category News