मंत्री ओपी चौधरी का भूपेश बघेल पर पलटवार, बोले- आप जैसे नेताओं से मुझे किसी प्रमाणपत्र की जरूरत नहीं


रायपुर। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा सोशल मीडिया पर किए गए पोस्ट को लेकर वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने तीखा पलटवार किया है। उन्होंने फेसबुक पर पोस्ट साझा करते हुए भूपेश बघेल पर निशाना साधा और उनके पोस्ट को घटिया राजनीति का स्तर बताया है।


मंत्री चौधरी ने अपने वीडियो के संदर्भ में कहा कि वैसे, आपने मेरा जो वीडियो अपलोड किया है, उसमें मैं यह जिक्र कर रहा हूं कि पीएम मोदी ने आजाद भारत में आदिवासी समाज से पहली राष्ट्रपति बनवाई। इसमें कुछ गलत है क्या? क्या आप जवाब देंगे कि आजादी के बाद कांग्रेस को 50 साल से ज्यादा समय तक सत्ता में रहने का मौका मिला, तो आदिवासी समाज से कोई राष्ट्रपति कांग्रेस ने क्यों नहीं बनाया?

उन्होंने यह भी कहा कि उस वीडियो में मैं यह भी जिक्र कर रहा हूं कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को प्रधान मोदी ने जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया और आज पूरे देश में यह मनाया जाता है। क्या इसमें आपको कहीं कोई आपत्ति है? साथ ही यह भी बताइए कि 50 साल से अधिक अवसर मिलने के बावजूद आपके प्रधानमंत्रियों ने राष्ट्रनायक भगवान बिरसा मुंडा जी की जयंती क्यों नहीं मनवाई? आखिर गांधी परिवार से आगे आप लोगों को क्यों नहीं दिखता?

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने आगे कहा कि अंत में एक बात मैं दंभ के रूप में नहीं, बल्कि तथ्य के रूप में रखना चाहूंगा कि विद्यादायिनी मां सरस्वती के आशीर्वाद से छत्तीसगढ़ राज्य गठन के बाद IAS के रूप में चयनित होने का गौरव मुझे छत्तीसगढ़ महतारी के आंचल में प्राप्त हुआ। गणित का विद्यार्थी होने के बावजूद उस परीक्षा के लिए चुने गए मेरे विषयों में हिंदी साहित्य भी शामिल था। इसलिए भाषाई विषयों में हमेशा सीखने के लिए तत्पर रहते हुए भी कम से कम आप जैसे घटिया राजनीति करने वाले व्यक्ति से मैं कोई सर्टिफिकेट नहीं लूंगा।

उन्होंने भूपेश बघेल से सवाल करते हुए कहा कि जब वे उनके सोशल मीडिया पोस्ट खंगाल रहे थे, तो भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर उनके ऑपरेटर द्वारा लिखा गया और डिजाइनर द्वारा तैयार किया गया एक रेडीमेड पोस्ट जरूर दिखाई दिया। जनता के बीच आपकी कोई गतिविधि न तो मुझे 15 नवंबर को दिखी और न ही उसके बाद। भगवान बिरसा मुंडा जी को समर्पित जनता के बीच कोई कार्यक्रम किया हो, तो मुझे जरूर भेजिएगा। मैं इंतजार करूंगा। अगर लोगों के बीच कोई कार्यक्रम नहीं किया है, तो आदिवासी समाज, पूरे प्रदेश और देश से जरूर माफी मांगिएगा।

VIEW MORE

Category News