रायपुर, 21 अक्टूबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय बुधवार को आरंग विकासखंड के भण्डारपुरी धाम में आयोजित गुरु दर्शन एवं संत समागम मेले में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने गुरुगद्दी आसन के दर्शन कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में सड़क सुविधाओं के विस्तार के लिए कुल 28 करोड़ 96 लाख 82 हजार रुपये की लागत वाले तीन सड़क विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। साथ ही शिक्षा और आधारभूत सुविधाओं से जुड़े चार निर्माण कार्यों तथा 40 स्थानों पर लकड़ी के जैतखाम स्थापित करने की घोषणा की।
‘मनखे-मनखे एक समान’ का संदेश समाज के लिए प्रेरणास्रोत : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि संत शिरोमणि बाबा गुरु घासीदास जी ने सत्य, अहिंसा, करुणा, समानता और सामाजिक समरसता का जो संदेश दिया, वह संपूर्ण मानव समाज के लिए सदैव प्रासंगिक रहेगा। बाबा गुरु घासीदास जी का संदेश ‘मनखे-मनखे एक समान’ भेदभाव से ऊपर उठकर प्रेम, सद्भाव और समानता के साथ जीवन जीने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि भण्डारपुरी धाम सतनाम पंथ की आस्था के प्रमुख केंद्र के साथ छत्तीसगढ़ की समृद्ध सामाजिक और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण स्थल भी है। गुरु दर्शन एवं संत समागम मेला आस्था, सामाजिक एकता और सद्भाव की गौरवशाली परंपरा का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार बाबा गुरु घासीदास जी के आदर्शों के अनुरूप समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण और विकास के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार का प्रयास है कि विकास की यात्रा में कोई भी समाज, वर्ग अथवा क्षेत्र पीछे न रहे।
सतनामी समाज के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में मिलेगा लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि सतनामी समाज की शैक्षणिक, सामाजिक और आर्थिक प्रगति के लिए राज्य सरकार निरंतर प्रयास कर रही है। दिल्ली में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए संचालित कोचिंग व्यवस्था में सीटों की संख्या 100 से बढ़ाकर 200 कर दी गई है। इससे समाज के अधिक युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का अवसर मिल सकेगा।
उन्होंने भण्डारपुरी में मोती महल के भूमिपूजन का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार समाज की आस्था, संस्कृति और गौरव से जुड़े स्थलों के विकास एवं संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण भी राज्य सरकार का लक्ष्य है। उन्होंने लोगों से बाबा गुरु घासीदास जी के आदर्शों को अपनाने और सामाजिक समरसता मजबूत करने में सहभागी बनने का आह्वान किया।
28.96 करोड़ रुपये के तीन सड़क विकास कार्यों का भूमिपूजन
मुख्यमंत्री ने कुल 28 करोड़ 96 लाख 82 हजार रुपये की लागत वाले तीन सड़क विकास कार्यों का भूमिपूजन किया।
इनमें मोहंदी-अड़सेना मार्ग के चार किलोमीटर हिस्से का 8 करोड़ 31 लाख 5 हजार रुपये की लागत से चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण तथा नरदहा में दो किलोमीटर लंबे आंतरिक मार्ग का 3 करोड़ 30 लाख 78 हजार रुपये की लागत से निर्माण शामिल है।
इसके अलावा छतौना-दरबा-कूटेसर-बड़गांव-कुंडा-नारा-लखौली मार्ग के 29 किलोमीटर हिस्से के डामर नवीनीकरण कार्य पर 17 करोड़ 34 लाख 99 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे।
इन कार्यों के पूरा होने से क्षेत्र में आवागमन सुगम होने और गांवों के बीच सड़क संपर्क मजबूत होने की उम्मीद है।
स्कूल भवनों और नगर पंचायत कार्यालय के लिए राशि की घोषणा
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब की मांग पर चार विकास कार्यों की घोषणा की। इनमें ग्राम पंचायत खमतराई में हाई स्कूल भवन निर्माण के लिए 75 लाख रुपये, नगर पंचायत आरंग के ओड़का में नवीन प्राथमिक शाला भवन के लिए 30 लाख रुपये, मंदिर हसौद के पीएम श्री स्कूल में विभिन्न निर्माण कार्यों के लिए एक करोड़ रुपये तथा चंदखुरी में नगर पंचायत कार्यालय के नए भवन निर्माण के लिए 85 लाख रुपये शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण मद से 40 स्थानों पर लकड़ी के जैतखाम स्थापित किए जाएंगे।
गुरु खुशवंत साहेब और धर्मगुरु बालदास साहेब ने भी किया संबोधित
तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सतनामी समाज विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि समाज की मांगों पर सरकार ने संवेदनशीलता के साथ कार्य किया है। भण्डारपुरी में मोती महल का भूमिपूजन और दिल्ली में कोचिंग सीटों की संख्या बढ़ाने का निर्णय समाज की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण तथा युवाओं के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण है।
सतनामी समाज के धर्मगुरु बालदास साहेब ने बाबा गुरु घासीदास जी के विचारों को जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बाबा गुरु घासीदास जी ने समानता, सत्य, सद्भाव और मानवता का संदेश देकर समाज को नई दिशा दी।
कार्यक्रम में राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा, तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, अभनपुर विधायक इंद्र कुमार साहू, राजिम विधायक रोहित साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि, सतनामी समाज के संतगण, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।