117 वर्षों से चली आ रही गणेशोत्सव की परंपरा में शामिल हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय


रायपुर, 14 सितंबर 2026। गणेश चतुर्थी के अवसर पर राजधानी रायपुर का ऐतिहासिक गोल बाजार गणपति बप्पा की भक्ति और उत्सव के रंग में रंगा नजर आया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सोमवार रात गोल बाजार पहुंचे और श्री बजरंग नवयुवक मित्र मंडल गणेशोत्सव समिति द्वारा स्थापित भगवान गणेश की प्रतिमा के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।

मुख्यमंत्री ने भगवान गणेश को मुकुट पहनाया और तिलक लगाकर पूजा की। मंत्रोच्चार के बीच आरती उतारते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ की प्रगति, प्रदेशवासियों के सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।

इस दौरान मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भगवान गणेश प्रथम पूज्य, विघ्नहर्ता और मंगलकर्ता हैं। गणेशोत्सव केवल आस्था का पर्व नहीं, बल्कि समाज को एक सूत्र में जोड़ने वाली सांस्कृतिक परंपरा भी है। उन्होंने कामना की कि गणपति बप्पा की कृपा से छत्तीसगढ़ विकास और समृद्धि के पथ पर निरंतर आगे बढ़े तथा हर परिवार में सुख और खुशहाली बनी रहे।


117 वर्षों से जारी है गणेशोत्सव की परंपरा

गोल बाजार में आयोजित गणेशोत्सव की सबसे खास बात इसकी 117 वर्षों से चली आ रही परंपरा है। मुख्यमंत्री ने इस लंबे समय से चली आ रही परंपरा की सराहना करते हुए कहा कि पीढ़ी-दर-पीढ़ी आस्था और सामाजिक सहभागिता के साथ किसी सांस्कृतिक परंपरा को जीवंत बनाए रखना अपने आप में महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि ऐसी परंपराएं न केवल हमारी सांस्कृतिक विरासत को सहेजती हैं, बल्कि नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और सामाजिक मूल्यों से भी जोड़ती हैं।

गोल बाजार स्थित हनुमान मंदिर के समीप श्री बजरंग नवयुवक मित्र मंडल गणेशोत्सव समिति द्वारा पिछले 117 वर्षों से गणेश चतुर्थी पर भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित की जा रही है। भव्य स्वरूप में विराजित गणपति की प्रतिमा गोल बाजार ही नहीं, बल्कि पूरे रायपुर में श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहती है।

गणेशोत्सव के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं।

ढोल-नगाड़ों और जयकारों से गूंजा गोल बाजार

मुख्यमंत्री के गोल बाजार पहुंचने पर गणेशोत्सव समिति के पदाधिकारियों, स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने उनका स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों की मंगलध्वनि और ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारों से पूरा परिसर भक्तिमय हो गया। समिति की ओर से मुख्यमंत्री का फूल-मालाओं और गजमाला से स्वागत किया गया।


150 साल पुराने हनुमान मंदिर में भी पहुंचे मुख्यमंत्री

गणेश प्रतिमा के दर्शन और पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री साय गोल बाजार स्थित 150 वर्ष से अधिक पुराने हनुमान मंदिर पहुंचे। उन्होंने भगवान हनुमान के दर्शन किए और पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने राजधानी की प्राचीन धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के प्रति श्रद्धा व्यक्त की।

कार्यक्रम में रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, श्रीचंद सुंदरानी, केदार गुप्ता, छगन मूंदड़ा, अमरजीत छाबड़ा सहित गणेशोत्सव समिति के पदाधिकारी, स्थानीय व्यापारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

VIEW MORE

Category News