साय की सिंगापुर यात्रा के अंतिम दिन छत्तीसगढ़ को बड़ी सौगात, ₹43,600 करोड़ तक पहुंचा निवेश प्रस्ताव


रायपुर, 6 अक्टूबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सिंगापुर यात्रा के अंतिम दिन छत्तीसगढ़ को कौशल विकास और निवेश के मोर्चे पर महत्वपूर्ण उपलब्धियां मिलीं। प्रदेश के युवाओं को उद्योगों की जरूरत के अनुरूप प्रशिक्षित करने के लिए ITE Education Services, Singapore के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) किया गया। वहीं एग्रो एवं फूड प्रोसेसिंग क्षेत्र में ₹350 करोड़ के निवेश प्रस्ताव से राज्य को एक और बड़ी संभावना मिली है।मुख्यमंत्री की सिंगापुर यात्रा के दौरान मिले विभिन्न प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) प्रस्तावों की कुल राशि अब ₹43,600 करोड़ तक पहुंच गई है।

उद्योगों की जरूरत के मुताबिक तैयार होंगे युवा

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मौजूदगी में छत्तीसगढ़ सरकार और ITE Education Services के बीच तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा और प्रशिक्षण को लेकर एमओयू हुआ। मुख्यमंत्री और प्रतिनिधिमंडल ने ITE कॉलेज का दौरा कर वहां संचालित उद्योग आधारित प्रशिक्षण मॉडल को भी समझा।

सिंगापुर में Cisco, BYD और Singapore Airlines जैसी कंपनियां ITE कॉलेजों के साथ मिलकर पाठ्यक्रम तैयार करने, प्रशिक्षण देने और आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने में सहयोग करती हैं। इसी मॉडल को छत्तीसगढ़ में अपनाने की दिशा में यह समझौता महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

इससे प्रदेश में उद्योगों की जरूरत के अनुरूप पाठ्यक्रम तैयार करने, प्रशिक्षकों को आधुनिक प्रशिक्षण देने और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर विकसित करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि निवेश से उद्योग आते हैं और कुशल युवा उन उद्योगों की ताकत बनते हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ चाहता है कि प्रदेश के युवाओं को आधुनिक और उद्योग आधारित प्रशिक्षण मिले, ताकि वे अपने प्रदेश में ही बेहतर रोजगार और करियर के अवसर हासिल कर सकें।


किसानों की उपज को मिलेगा नया बाजार

मुख्यमंत्री ने सिंगापुर की Valency International Pte Ltd को छत्तीसगढ़ में निवेश के लिए आमंत्रित किया। कंपनी ने प्रदेश में ₹350 करोड़ के निवेश के साथ इंटीग्रेटेड एग्रो एवं फूड प्रोसेसिंग और एक्सपोर्ट हब स्थापित करने में रुचि दिखाई है।

प्रस्तावित हब में काजू, तिल, दलहन और मूंगफली जैसी कृषि उपज की प्रोसेसिंग की जाएगी। इससे प्रदेश में ही कृषि उत्पादों का मूल्य संवर्धन होगा। साथ ही किसानों को नए बाजार उपलब्ध कराने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने में मदद मिल सकती है।


सिंगापुर के विदेश मंत्री से मुलाकात

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सिंगापुर के विदेश मंत्री डॉ. विवियन बालाकृष्णन से भी मुलाकात की। दोनों के बीच छत्तीसगढ़ और सिंगापुर के बीच निवेश, कौशल विकास, शहरी नियोजन और तकनीक के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने को लेकर चर्चा हुई।

बैठक में सिंगापुर के अनुभव और विशेषज्ञता का उपयोग छत्तीसगढ़ के विकास में किस तरह किया जा सकता है, इस पर भी विचार-विमर्श हुआ।


15 से अधिक वैश्विक कंपनियों के साथ निवेश पर चर्चा

मुख्यमंत्री ने सीईओ राउंडटेबल में 15 से अधिक वैश्विक कंपनियों के प्रतिनिधियों से संवाद किया। इनमें TCS, SMBC, Tolaram Group, Agrocorp, Indian Ocean Group और Blue Aqua सहित प्रमुख कंपनियां शामिल रहीं।

बैठक में मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ की निवेश-अनुकूल नीतियों, कारोबारी सुधारों और राज्य में उपलब्ध निवेश अवसरों की जानकारी दी। टेक्नोलॉजी, बैंकिंग, एग्रीबिजनेस, एक्वाकल्चर और फूड प्रोसेसिंग जैसे क्षेत्रों में निवेश और साझेदारी की संभावनाओं पर चर्चा हुई।

AI और डिजिटल फाइनेंस में युवाओं के प्रशिक्षण पर जोर

मुख्यमंत्री ने Global Finance & Technology Network (GFTN) के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात की। बैठक में छत्तीसगढ़ के युवाओं को AI और डिजिटल फाइनेंस में प्रशिक्षित करने, प्रदेश के स्टार्टअप्स को वैश्विक निवेशकों से जोड़ने और नई तकनीकों के लिए टेक लैब स्थापित करने में संभावित सहयोग पर चर्चा हुई।


SING Forum में छत्तीसगढ़ की भागीदारी

छत्तीसगढ़ ने विदेश मंत्रालय, भारत सरकार के नामांकन पर पहली बार Singapore-India Network for Growth (SING) Forum 2026 में भागीदारी की। इस मंच के माध्यम से राज्य ने वैश्विक निवेशकों और उद्योग जगत के सामने छत्तीसगढ़ में उपलब्ध निवेश संभावनाओं को प्रस्तुत किया।


निवेश से आगे बढ़कर कौशल और तकनीक पर फोकस

मुख्यमंत्री की सिंगापुर यात्रा का फोकस केवल निवेश आकर्षित करने तक सीमित नहीं रहा। यात्रा के दौरान कौशल विकास, तकनीक, AI, डिजिटल फाइनेंस, कृषि प्रसंस्करण और वैश्विक साझेदारी जैसे क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं पर भी जोर दिया गया।

सिंगापुर यात्रा के अंतिम दिन हुए एमओयू, निवेश प्रस्ताव और कारोबारी बैठकों के बाद छत्तीसगढ़ के लिए कुल FDI निवेश प्रस्ताव ₹43,600 करोड़ तक पहुंच गए हैं। मुख्यमंत्री का प्रतिनिधिमंडल 7 अक्टूबर को रायपुर लौटेगा।

VIEW MORE

Category News