रायपुर। राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा आज रायपुर पहुंचे। वीआईपी रोड स्थित एयरपोर्ट पर उतरते ही उन्होंने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने साफ कहा कि यह सरकार सिर्फ पूंजीवादियों की है।
तन्खा रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3261 के एक बड़े प्रोग्राम में शामिल होने आए हैं। एयरपोर्ट पर मीडिया से बात करते हुए उनके तेवर काफी कड़े थे।
सांसद तन्खा ने केंद्र सरकार के 12 साल के कामकाज पर सीधे सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि देश में पिछले कुछ सालों से आम जनता सिर्फ परेशान हो रही है। इस सरकार में अमीर और अमीर होते जा रहे हैं। जनता की जेब खाली हो रही है। यह सरकार की नीतियों की सबसे बड़ी नाकामी
एलपीजी सिलेंडर के बढ़ते दाम और महंगाई पर तन्खा ने खुलकर भड़ास निकाली। उन्होंने पीएम मोदी के पुराने दावों को याद दिलाया। तन्खा बोले, प्रधानमंत्री देश को विश्वगुरु बताते थे। बड़ी-बड़ी चुनौतियां खत्म करने की बात करते थे। लेकिन आज नतीजा क्या है? महंगाई आसमान छू रही है। मिडिल क्लास के लिए यह सबसे बड़ी मुसीबत का समय है।
राजनीतिक हमलों के बीच तन्खा ने छत्तीसगढ़ के लिए अपना प्यार भी जताया। उन्होंने कहा, छत्तीसगढ़ मेरे दूसरे घर जैसा है। जब मैं जबलपुर में वकालत करता था, तब छत्तीसगढ़ के लोग वहां केस के सिलसिले में आते थे। बिलासपुर और रायपुर के चौक-चौराहों से मेरा पुराना नाता है। यहां आकर मुझे बहुत सुकून मिलता है।