महिला दिवस पर सेंट्रल जेल में गूंजे गीत और कविताएं, महिला बंदियों को मिला नई शुरुआत का संदेश


लाईफ वर्सिटी (SCGNEWS), रायपुर :

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर शुभम शिक्षण एवं कला संस्थान द्वारा सेंट्रल जेल के महिला सेल में एक विशेष सांस्कृतिक एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संगीत, कविता, नाटक और मोटिवेशनल स्पीच के माध्यम से महिला बंदियों को सकारात्मक संदेश देने का प्रयास किया गया।

कार्यक्रम में संस्थान की अध्यक्ष महुआ मजूमदार के नेतृत्व में कई कलाकारों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस दौरान लक्ष्मी नारायण लाहोटी, रंजन बनर्जी, रुनाली चक्रवर्ती, सोम अधिकारी, अन्नपूर्णा शर्मा, श्रेया हलदार, कविता हलदार, खोखन कुंडू, शीला सरदार और सीमा बोस ने संगीत प्रस्तुत कर माहौल को भावनात्मक और प्रेरणादायक बना दिया।

कार्यक्रम के दौरान महिला प्रकोष्ठ प्रभारी गरिमा पांडे का भी विशेष सहयोग रहा। देशभक्ति गीतों, कविताओं और नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से महिला बंदियों को जीवन में सकारात्मक बदलाव, आत्मविश्वास और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के दौरान महिला बंदियां भावुक भी हुईं। कई गीतों के बाद तालियों की गूंज सुनाई दी और कई बंदियों को अपने परिवार की याद भी आ गई। कार्यक्रम ने जेल के वातावरण में कुछ समय के लिए एक अलग ही भावनात्मक और मानवीय माहौल बना दिया।

कार्यक्रम के अंत में सभी महिला बंदियों को शपथ दिलाई गई कि वे भविष्य में ऐसा कोई कार्य नहीं करेंगी जिससे उन्हें दोबारा जेल आना पड़े और वे समाज में एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में नया जीवन शुरू करेंगी।

कार्यक्रम का सफल संचालन लक्ष्मी नारायण लाहोटी ने किया, जबकि अंत में महुआ मजूमदार ने सभी अतिथियों, कलाकारों और जेल प्रशासन का आभार व्यक्त किया।


VIEW MORE

Category News