SCGNEWS/लाईफ वर्सिटी,रायपुर :
रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री Bhupesh Baghel ने कई राजनीतिक और प्रशासनिक मुद्दों पर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने बिहार की राजनीति से लेकर छत्तीसगढ़ में धान खरीदी और कानून व्यवस्था की स्थिति तक पर सरकार को घेरा।
नितीश कुमार के राज्यसभा जाने पर तंज
बिहार के मुख्यमंत्री Nitish Kumar के संभावित राज्यसभा जाने की चर्चाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए भूपेश बघेल ने तंज कसा। उन्होंने कहा कि नितीश कुमार इस्तीफा देंगे और मुख्यमंत्री बदला जाएगा। बघेल ने कहा कि चुनाव के समय उन्हें मुख्यमंत्री का चेहरा मानने से इनकार किया गया था, लेकिन वे पुराने खिलाड़ी हैं और दसवीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ले चुके हैं।
उन्होंने आगे कहा कि नितीश कुमार के नेतृत्व में चुनाव लड़ा गया और जीत भी मिली, लेकिन बाद में उन्हें ही किनारे कर दिया गया। बघेल ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi और गृह मंत्री Amit Shah की राजनीतिक चाल में नितीश कुमार फिर फंस गए।
धान की सुखत पर सरकार पर सवाल
धान की सुखत को लेकर भी पूर्व मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि सरकार ने कहा है कि जहां सुखत आएगा, उसे काटा जाएगा। बघेल के मुताबिक किसान नुकसान से बचने के लिए धान में पानी डालने को मजबूर हैं।
उन्होंने बताया कि बेमेतरा में सबसे कम बारिश हुई है, जबकि महासमुंद और बेमेतरा जिलों में सबसे ज्यादा धान खरीदी हुई है। बघेल ने तंज कसते हुए कहा कि “विष्णुदेव के सुशासन में सब संभव है।”
राज्यपाल की बैठकों पर भी उठाए सवाल
राज्यपाल की सक्रियता पर टिप्पणी करते हुए बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ के राज्यपाल ने सभी जिलों में जाकर बैठकें लीं, लेकिन इसके बावजूद धान खरीदी की स्थिति में कोई खास सुधार नहीं दिखा। उन्होंने कहा कि इन बैठकों का जमीनी असर दिखाई नहीं दे रहा है।
कानून व्यवस्था को लेकर सरकार पर हमला
प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर भी भूपेश बघेल ने सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था बेहद खराब हो चुकी है। खासकर होली के दिन चाकूबाजी की घटनाओं में लोगों की मौत हो रही है।
बघेल ने कहा कि घरों में घुसकर मारपीट हो रही है, पुलिस की वर्दी तक फाड़ी जा रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि जिस दिन ड्राय डे घोषित किया गया, उसी दिन ऐसी घटनाएं हो रही हैं, तो अगर शराब दुकानें खुली रहतीं तो क्या स्थिति होती।
गृह मंत्री से इस्तीफे की मांग
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार से स्थिति संभाली नहीं जा रही है। उन्होंने कहा कि अगर गृह मंत्री को शर्म है तो उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए।
बघेल ने कहा कि न तो कवर्धा संभल रहा है और न ही पूरा प्रदेश। उन्होंने कहा कि कमिश्नर प्रणाली लागू करते समय सरकार ने बड़े बदलाव के दावे किए थे, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई परिवर्तन दिखाई नहीं दे रहा है।