डिजिटल होंगे परिवहन कार्यालय, घर बैठे मिलेंगी सेवाएं: केदार कश्यप


बलौदाबाजार में ₹1.74 करोड़ की लागत से बने जिला परिवहन कार्यालय का लोकार्पण; सोनबरसा जंगल सफारी के लिए 4 नई जिप्सी और विकास कार्यों को ₹1.50 करोड़ की मंजूरी

SCGNEWS : छत्तीसगढ़ में परिवहन सेवाओं को आधुनिक और डिजिटल बनाने की दिशा में सरकार लगातार काम कर रही है। परिवहन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि जन आकांक्षाओं के अनुरूप परिवहन कार्यालयों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है। डिजिटल सेवाओं के विस्तार से लोगों को कई सरकारी परिवहन सेवाओं के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और वे घर बैठे सेवाओं का लाभ ले सकेंगे।

मंत्री कश्यप सोमवार को बलौदाबाजार-भाटापारा जिले की ग्राम पंचायत परसाभदेर में 1 करोड़ 74 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित जिला परिवहन कार्यालय भवन के लोकार्पण समारोह को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा भी मौजूद रहे।

सोनबरसा जंगल सफारी को मिलेंगी नई सुविधाएं

कार्यक्रम के दौरान परिवहन मंत्री ने सोनबरसा जंगल सफारी के लिए चार नई जिप्सियों की स्वीकृति दी। इसके साथ ही जंगल सफारी के सौंदर्यीकरण और विकास कार्यों के लिए डेढ़ करोड़ रुपये की राशि मंजूर की गई।

सरकार के इस कदम से क्षेत्र में पर्यटन सुविधाओं के विस्तार और पर्यटकों को बेहतर अनुभव उपलब्ध कराने की उम्मीद है।


पैक्स में मिल रही परिवहन सुविधाएं

मंत्री कश्यप ने बताया कि बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के पांच पैक्स में परिवहन सुविधा केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। इन केंद्रों के माध्यम से अब तक 572 लर्निंग लाइसेंस जारी किए जा चुके हैं।

उन्होंने कहा कि पैक्स की भूमिका केवल धान खरीदी तक सीमित नहीं रहेगी। ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को विभिन्न आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए पैक्स को और अधिक सुविधाओं से जोड़ा जाएगा।


सड़क सुरक्षा पर अभिभावकों को चेताया

परिवहन मंत्री ने सड़क सुरक्षा को लेकर भी लोगों को जागरूक किया। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को यातायात नियमों की जानकारी दें और नाबालिग स्कूली बच्चों के दोपहिया वाहन चलाने को लेकर विशेष रूप से सतर्क रहें।

उन्होंने कहा कि छोटी सी लापरवाही गंभीर सड़क दुर्घटना का कारण बन सकती है। इसलिए बच्चों की सुरक्षा के लिए अभिभावकों की भूमिका महत्वपूर्ण है।

बुजुर्गों को निःशुल्क बस पास, चालकों को लाइसेंस और हेलमेट

कार्यक्रम में वाहन चालकों को लाइसेंस वितरित किए गए। सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए हेलमेट भी प्रदान किए गए। वहीं 80 वर्ष से अधिक आयु के 10 बुजुर्गों को निःशुल्क बस पास वितरित किए गए।

राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि जिले में परिवहन सुविधाओं के विस्तार के लिए सर्वसुविधायुक्त कार्यालय भवन तैयार किया गया है। परिवहन सेवाओं के डिजिटलीकरण और आधुनिकीकरण से वाहन मालिकों को बड़ी राहत मिलेगी।


'एक पेड़ मां के नाम' के तहत पौधरोपण

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित ‘एक पेड़ मां के नाम’ पहल में परिवहन मंत्री केदार कश्यप और राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने नए परिवहन कार्यालय परिसर में पौधरोपण भी किया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा, प्रमोद कुमार शर्मा सहित जनप्रतिनिधि और जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।

VIEW MORE

Category News