नलबाड़ी: खाद्य और पेय पदार्थ क्षेत्र की प्रमुख कंपनी PepsiCo India ने 10 सितंबर को असम में अपना पहला फूड मैन्युफैक्चरिंग प्लांट शुरू किया। नलबाड़ी जिले में स्थापित इस इकाई पर कंपनी ने 778 करोड़ रुपये का निवेश किया है।
इस संयंत्र का उद्घाटन असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने किया। 44.2 एकड़ क्षेत्र में फैली इस इकाई से लगभग 700 प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा हुए हैं।
उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री सरमा ने कहा कि नलबाड़ी में PepsiCo India की फूड मैन्युफैक्चरिंग सुविधा का शुभारंभ असम की औद्योगिक विकास यात्रा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। उनके अनुसार, यह निवेश राज्य की व्यापार-अनुकूल नीतियों, बेहतर बुनियादी ढांचे और कुशल कार्यबल पर वैश्विक कंपनियों के भरोसे को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि यह परियोजना रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ-साथ राज्य के कृषि तंत्र को भी मजबूत करेगी। इससे किसानों, महिलाओं और स्थानीय उद्यमों के लिए नए अवसर पैदा होंगे।

वहीं, PepsiCo India & South Asia के CEO जगरूत कोटेचा ने कहा कि 778 करोड़ रुपये के निवेश से स्थापित यह सुविधा असम में कंपनी का पहला और भारत में पांचवां प्लांट है।
कोटेचा ने कहा कि इस निवेश के जरिए कंपनी अपने विनिर्माण नेटवर्क को मजबूत कर रही है। साथ ही इससे किसानों, स्थानीय व्यवसायों, महिलाओं, युवाओं और स्थानीय समुदायों सहित पूरी वैल्यू चेन पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।